Friday, July 31, 2026

Korba Murder Case: शादी समारोह में शराब में मिलाया चूहा मारने का जहर, 2 साल से फरार हत्या आरोपी कोंडागांव से गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी जितेंद्र मसीह को कोंडागांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश एक शादी समारोह के दौरान रची गई थी, जहां मृतक विकास अग्रवाल को शराब में चूहा मारने की जहरीली दवा मिलाकर पिला दी गई थी। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।

उरगा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और अंतर-जिला पुलिस समन्वय की मदद से आरोपी को कोंडागांव से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोरबा लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

शादी समारोह में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, थाना उरगा में दर्ज अपराध क्रमांक 248/2024 की विवेचना में सामने आया कि 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान विकास अग्रवाल की हत्या की साजिश रची गई थी।

पुलिस का दावा है कि मृतक और मुख्य आरोपी वैभव भारती के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते वैभव भारती ने अपने साथी जितेंद्र मसीह के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।

आरोप है कि पहले विकास को अत्यधिक शराब पिलाई गई और इसके बाद शराब में चूहा मारने की जहरीली दवा मिलाकर डिस्पोजेबल गिलास के जरिए पिला दी गई। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।