कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधी रात घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद पीड़ित परिवार जब शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहा था, तब रास्ते में और थाना परिसर के पास भी उनके साथ मारपीट की गई।
मामले में जीतराम साहू की रिपोर्ट पर बांकीमोंगरा पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने ईश्वरी दास साहू, राजश्री साहू, आरती साहू, राहुल साहू, फोटोबाई साहू और रिकेश चौहान के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 191(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात करीब 1 बजे घर का दरवाजा खटखटाने का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक जीतराम साहू कुदरीपारा में रहता है। 15 सितंबर 2026 की रात करीब 1 बजे वह घर में टीवी देख रहा था। इसी दौरान दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। दरवाजा खोलने पर उसका भाई ईश्वरी दास साहू, बहू राजश्री साहू और भतीजी आरती साहू वहां मौजूद थे।
शिकायत में जीतराम ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर राजश्री साहू ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और थप्पड़ मारा। इसके बाद ईश्वरी दास साहू ने भी धक्का-मुक्की करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौच करने का भी आरोप है।
पत्नी और बेटे के साथ भी मारपीट का आरोप
जीतराम के मुताबिक, विवाद के दौरान उसकी पत्नी जागेश्वरी साहू बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि राजश्री और आरती ने उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
वहीं, आरती पर घर के पास रखे बैट से जीतराम के बेटे मयंक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार इसी दौरान जीतराम की मां फोटोबाई साहू भी मौके पर पहुंचीं और जीतराम व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।
थाना जाते समय रास्ते में भी मारपीट का आरोप
जीतराम ने पुलिस को बताया कि घर में हुई मारपीट के बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पैदल शिकायत दर्ज कराने बांकीमोंगरा थाना जा रहा था। ज्योति गारमेंट्स के पास पहुंचने पर ईश्वरी दास साहू ने उसके बेटे पियूष साहू के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
इसके बाद थाना के पास भी विवाद होने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक वहां ईश्वरी दास साहू, राहुल साहू और रिकेश चौहान पहुंचे। आरोप है कि रिकेश चौहान ने जीतराम को पीछे से पकड़ लिया, राहुल साहू ने हाथ-मुक्के से मारपीट की और ईश्वरी दास साहू ने लोहे की रॉड से हमला किया।
परिवार के कई सदस्यों को चोट लगने का दावा
मारपीट में जीतराम के सिर में चोट लगने से खून निकलने और बाईं कलाई में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। उसकी पत्नी जागेश्वरी के सिर, दाहिने हाथ और गर्दन में चोट लगने का उल्लेख है।
वहीं, बेटे पियूष साहू के हाथ और कान तथा मयंक के सिर में चोट लगने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है। जीतराम ने डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल कोरबा पहुंचकर प्राथमिक उपचार कराया।
6 आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं में मामला दर्ज
बांकीमोंगरा पुलिस ने जीतराम साहू की शिकायत के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 191(2), 296 और 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।








