Tuesday, August 4, 2026

Korba News: ‘आप मुझे जानते नहीं हैं…’, दुकानदार ने बताई नेताओं तक पहुंच! निगम की कार्रवाई पर बवाल, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

कोरबा, 3 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा में नगर निगम के स्वच्छता अभियान के दौरान कार्रवाई को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि मामला थाने तक पहुंच गया। पावर हाउस रोड स्थित एक दुकानदार पर निगम की कार्रवाई का विरोध करने और कथित तौर पर राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर अधिकारियों को चुनौती देने का आरोप है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दुकानदार कथित तौर पर निगम आयुक्त से कहता सुनाई दे रहा है—‘आप अभी मुझे जानते नहीं हैं… यहां मुझे लखनलाल देवांगन से लेकर जयसिंह अग्रवाल तक जानते हैं। महापौर से लेकर सभापति तक सब मुझे जानते हैं।’

वीडियो वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। नगर निगम ने दुकानदार के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। वहीं दुकानदार ने भी निगम आयुक्त और उनकी टीम के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

कचरा मिला तो निगम ने लगाया जुर्माना

दरअसल, नगर निगम कोरबा इन दिनों शहर में स्वच्छता अभियान चला रहा है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों और दुकानों के आसपास गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के दौरान पावर हाउस रोड स्थित एक दुकान के बाहर कचरा पाए जाने पर निगम की टीम ने संबंधित दुकानदार पर जुर्माना लगाया। कार्रवाई को लेकर दुकानदार और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया।

मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय भी मौके पर पहुंचे।

कचरे में मिली पैकिंग सामग्री, निगम ने दुकान से जोड़ा

निगम अधिकारियों के मुताबिक, दुकान के बाहर मिले कचरे के ढेर में संबंधित प्रतिष्ठान की पैकिंग सामग्री और अन्य सामान भी मिला था। इसी आधार पर निगम का दावा है कि कचरा उसी दुकान से संबंधित था।

हालांकि, दुकानदार ने कचरे की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और निगम की कार्रवाई का विरोध जारी रखा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।