कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा में सोमवार 17 अगस्त की रात तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चांदनी चौक के पास रात करीब 8 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव सड़क पर रखकर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम किया।
प्रदर्शनकारी ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
बाइक को सामने से मारी जोरदार टक्कर
पुलिस के मुताबिक, रोंगा की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG-04-JB-5380 ने सामने से आ रही बाइक क्रमांक CG-12-BL-9042 को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल सवार थे।
टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।
एक युवक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
भीषण सड़क हादसे में सूरजभान ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज पटेल को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले चक्काजाम के कारण रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शनकारी ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।
अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ जाम
चक्काजाम की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजन और ग्रामीण मान गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।
ट्रेलर जब्त, चालक फरार
दर्री CSP विमल पाठक ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने के मामले में कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।










