Monday, August 3, 2026

Korba News: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आबकारी अफसर को फोन पर लगाई फटकार, बोले- ‘विधायक का भाई होगा, कोई तोप नहीं’; VIDEO वायरल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बरबसपुर गांव में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शराब दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों और महिलाओं का धरना जारी है। इसी बीच पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे धरना स्थल पर ग्रामीणों के सामने आबकारी अधिकारी से फोन पर बात करते हुए नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में पूर्व मंत्री आबकारी अधिकारी को सख्त लहजे में कहते नजर आ रहे हैं कि बरबसपुर में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारी से बातचीत के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।

‘विधायक का भाई होगा, कोई तोप नहीं’

धरना स्थल पर ग्रामीणों को संबोधित करने के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने आबकारी अधिकारी राकेश राठौर को फोन किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गांव की महिलाएं शराब दुकान के विरोध में रात-दिन धरने पर बैठी हैं।

वायरल वीडियो में पूर्व मंत्री कथित तौर पर अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं कि ‘कांग्रेस विधायक का भाई होगा, कोई तोप नहीं।’ उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बरबसपुर में शराब दुकान खोलने की कोशिश की गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं के खिलाफ कोई फैसला स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महिलाओं ने शुरू किया विरोध प्रदर्शन

दरअसल, यह पूरा विवाद 31 जुलाई को उस समय शुरू हुआ, जब आबकारी विभाग की टीम बरबसपुर गांव में संभावित शराब दुकान के लिए जगह का निरीक्षण करने पहुंची थी।