Thursday, September 17, 2026

Korba News: भतीजे के जन्मदिन पर केक लेकर घर जाने वाला था हाइड्रा चालक, रास्ते में मिली लाश; उरगा मुख्य मार्ग पर हादसा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइड्रा वाहन चालक की मौत हो गई। उरगा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर 26 वर्षीय सोनू यादव का शव उसके हाइड्रा वाहन के नीचे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस जांच कर रही है।

भतीजे के जन्मदिन पर घर जाने वाला था सोनू

मृतक सोनू यादव शक्ति जिले के नगरदा का रहने वाला था। वह पिछले करीब तीन वर्षों से एक निजी कंपनी का हाइड्रा वाहन चला रहा था। बताया गया कि सोनू हर दो-तीन दिन में अपने घर आता-जाता था।

मंगलवार को सोनू के बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था। वह भतीजे के लिए केक लेकर घर जाने वाला था। परिजनों के मुताबिक सोनू ने फोन पर घरवालों से बात भी की थी और जन्मदिन के मौके पर घर पहुंचने की बात कही थी।

लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब सोनू घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार की चिंता बढ़ गई।

उरगा मुख्य मार्ग पर वाहन के नीचे मिला शव

इसी बीच मंगलवार दोपहर उरगा मुख्य मार्ग पर एक हाइड्रा वाहन खड़ा दिखाई दिया। वाहन के नीचे सोनू यादव पड़ा हुआ था। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया।

सोनू को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखा गया।

दो साल पहले हुई थी शादी, छोटा बच्चा भी

परिजनों के अनुसार सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। जन्मदिन के मौके पर भतीजे के लिए केक लेकर घर पहुंचने की तैयारी कर रहे सोनू की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सिविल लाइन पुलिस कर रही जांच

मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सोनू की मौत किसी दूसरे वाहन की टक्कर से हुई या हाइड्रा वाहन से ही कोई दुर्घटना हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।