Wednesday, June 3, 2026

KORBA NEWS : शराब दुकानों के गार्डों से वसूली का आरोप, नई भर्ती के लिए 35 हजार और वर्दी के नाम पर मांगे 15 हजार रुपए

कोरबा। जिले की सरकारी शराब दुकानों में तैनात सुरक्षा गार्डों ने सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों पर नई भर्ती और वर्दी के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। गार्डों का कहना है कि उनसे वर्दी के लिए 15-15 हजार रुपए और नई भर्ती के नाम पर 35 हजार रुपए तक की मांग की जा रही है। मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सुरक्षा गार्डों ने जिला आबकारी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर BIS सुरक्षा कंपनी के अधिकारियों पर जबरन पैसे वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायत में कंपनी को CSMCL से ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी की गई है।

गार्डों के अनुसार, कंपनी के फील्ड ऑफिसर बृजराज सिंह चौहान द्वारा प्रत्येक गार्ड से 15 हजार रुपए मांगे जा रहे हैं। पैसे नहीं देने पर 40 से 60 हजार रुपए तक की मांग और नौकरी से हटाने की धमकी दी जा रही है। गार्डों का आरोप है कि उन्हें सात दिनों के भीतर रकम जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जो कर्मचारी पैसे देने का विरोध कर रहे हैं, उनसे दबाव बनाकर वीडियो बयान रिकॉर्ड करवाए जा रहे हैं। वहीं एक गार्ड ने कथित बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग कर उसे सबूत के तौर पर अधिकारियों को सौंपा है।

गार्डों ने बताया कि उनका मासिक वेतन 10 से 15 हजार रुपए के बीच है, ऐसे में इतनी बड़ी राशि देना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वायरल ऑडियो में नई भर्ती के लिए 30 से 35 हजार रुपए लेने और विभागीय अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किए जाने की बात भी सामने आई है।

मामले में जिला आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि सुरक्षा गार्डों की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सुरक्षा कंपनी से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।