Sunday, July 26, 2026

Korba News : खेत में रोपा लगा रहे 3 ग्रामीणों पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मची चीख-पुकार, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कटघोरा/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रविवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कटघोरा से लगे सलोरा-छुरी गांव में खेत में रोपा लगाने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।

खेत में रोपा लगा रहे थे 25 से 30 ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली आ गिरी, जिसकी चपेट में तीन ग्रामीण आ गए।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच बड़ा हादसा

प्रदेश में इन दिनों मानसून सक्रिय है और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।