Friday, August 7, 2026

Korba News: घर के बाथरूम में निकला किंग कोबरा, वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको वन परिक्षेत्र अंतर्गत अजगरबहार गांव में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान के बाथरूम में दुर्लभ और विषैला किंग कोबरा (पहाड़ चित्ती) दिखाई दिया। सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग एवं वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को दी गई।

जानकारी के अनुसार, अजगरबहार निवासी लवभूषण प्रतापसिंह तंवर के घर शाम करीब 5 बजे बाथरूम के एक कोने में किंग कोबरा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के प्रमुख सदस्य जितेंद्र सारथी ने इसकी जानकारी वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव को दी।

वन विभाग के निर्देश पर पहुंची रेस्क्यू टीम

वन मंडलाधिकारी के निर्देशानुसार उपवनमंडलाधिकारी (उत्तर कोरबा) रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन एवं बालको वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार के नेतृत्व में नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू टीम के सदस्य राजू बर्मन, राकेश मानिकपुरी, कमलेश गोड और नरेश गोड ने वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित रेस्क्यू बैग में रखा। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली।

पंचनामा के बाद जंगल में छोड़ा गया

रेस्क्यू के बाद डिप्टी रेंजर अनिल कंवर ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद किंग कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास वाले जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

इस दौरान रेस्क्यू रिस्पॉन्स टीम के दिल गोड, दिलीप कंवर, देव मरावी, गौतम गोड, राम गोड, देवेंद्र गोड, सतीश तंवर, महीपत कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

वन विभाग की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें नुकसान पहुंचाने की बजाय तुरंत वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।