कोरबा। कोरबा में देर रात तेज रफ्तार और शराब के नशे ने बड़ा हादसा करा दिया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत घंटाघर–मिनिमाता कॉलेज मुख्य मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि एयरबैग खुलने से चालक और उसके साथ सवार युवक की जान बच गई।
तेज रफ्तार और नशा बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि देर रात कुछ युवक शराब के नशे में तेज रफ्तार से कार चला रहे थे। शहर के व्यस्त मार्ग पर भी वे वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और कार सीधे नगर निगम के डिवाइडर से जा भिड़ी।
हादसे के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद युवकों ने अपने दोस्तों को मौके पर बुलाया। वहां पहुंचते ही उन्होंने कार की नंबर प्लेट उखाड़ दी, ताकि वाहन की पहचान छिपाई जा सके और कार्रवाई से बचा जा सके।
मौके पर शराब की बोतलें मिलीं
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कार के भीतर और आसपास शराब की बोतलें बिखरी मिलीं। पुलिस ने शराब की बोतलों के साथ क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है।
मामले को दबाने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार कुछ लोग इस घटना को सामान्य हादसा बताकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित युवकों की पहचान की जा रही है।







