Tuesday, August 11, 2026

Korba News: बड़े व्यापारी पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, POCSO के तहत FIR; पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। शहर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। 16 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी चेतन दास चौधरी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है।

नाबालिग ने थाने पहुंचकर की शिकायत

जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय पीड़िता कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि चेतन दास चौधरी ने उसके साथ छेड़छाड़ की।

पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए देर शाम FIR दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी।

POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने एक व्यक्ति के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की है। शिकायत के आधार पर POCSO एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।