कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में छलांग लगाने के बाद लापता हुए 24 वर्षीय रंजीत यादव का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया है। रंजीत पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गोपालपुर का निवासी था। दोस्तों के बीच लगी कथित शर्त के बाद उसने बांध में छलांग लगाई थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
युवक के लापता होने के बाद जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम, स्थानीय गोताखोर और प्रशासन लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। तलाश को तेज करने के लिए प्रशासन ने NDRF की टीम को भी बुलाया था।
दोस्तों के साथ घूमने आया था बांगो डैम
जानकारी के मुताबिक, रंजीत यादव अपने दोस्तों के साथ बांगो डैम घूमने आया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच बांध में छलांग लगाकर आगे निकलने की कथित शर्त लगी।
बताया जा रहा है कि इसी शर्त के बाद रंजीत ने बांध में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद उसका तैरते हुए लाइव वीडियो भी सामने आया था, लेकिन इसके बाद वह दिखाई नहीं दिया और लापता हो गया।
आधुनिक बोट से चलाया गया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना के बाद जिला नगर सेना और गोताखोरों की टीम ने बांध में तलाश शुरू की। सोमवार सुबह से सर्च ऑपरेशन को और तेज किया गया। आधुनिक बोट के जरिए बांध के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश की गई।
युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे और लगातार उसके मिलने का इंतजार कर रहे थे।
NDRF की टीम को भी बुलाया गया
लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन में मदद के लिए NDRF की टीम को बुलाया। वहीं, बांध में पानी की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बांगो बांध का गेट नंबर-2 भी खोला था।











