Sunday, August 2, 2026

Korba News: बिजली खंभे के लाइन बॉक्स और ट्रांसफार्मर में लगी आग, घंटों गुल रही बिजली; लापरवाही पर भड़के लोग

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार 1 अगस्त को शहर के अलग-अलग इलाकों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। पहली घटना मानिकपुर की उरांव बस्ती में बिजली खंभे पर लगे लाइन बॉक्स में हुई, जबकि दूसरी घटना दादर के दामाद मोहल्ला बस्ती में ट्रांसफार्मर में आग लगने की रही।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। आग की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत के साथ बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।

लाइन बॉक्स में लगी आग, 15 मिनट तक निकलती रहीं चिंगारियां

मानिकपुर की उरांव बस्ती में बिजली के खंभे पर लगे लाइन बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद बॉक्स में आग लग गई और करीब 15 मिनट तक चिंगारियां निकलती रहीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान पटाखे जैसी तेज आवाजें भी सुनाई देती रहीं। इससे आसपास के लोग घबरा गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

कुछ देर बाद विद्युत प्रवाह स्वतः बंद हो गया, जिसके चलते पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई बिजली खंभे जर्जर हो चुके हैं। बिजली के तार भी जगह-जगह लटक रहे हैं और लाइन बॉक्स में जंग लग चुकी है। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई जा रही है।

ट्रांसफार्मर में आग से मोहल्ला अंधेरे में

दूसरी घटना शनिवार देर रात दादर के दामाद मोहल्ला बस्ती में हुई। यहां लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के बाद अचानक आग लग गई।

ट्रांसफार्मर से उठती तेज लपटों को देखकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए। आग लगने के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बंद हो गई और पूरा मोहल्ला घंटों अंधेरे में रहा।

स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। आरोप है कि विभाग की टीम काफी देर बाद मौके पर पहुंची। तब तक ट्रांसफार्मर को काफी नुकसान पहुंच चुका था। बाद में कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया और मरम्मत का काम शुरू किया।