KORBA NEWS : शादी की पार्टी में बवाल, डीजे पर डांस के दौरान विवाद, जमकर मारपीट और तोड़फोड़

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित मंगल भवन में शादी समारोह के बाद आयोजित पार्टी में जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। डीजे पर डांस के दौरान घरातियों और चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने आए मेहमानों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने भिड़ गए।

शादी के बाद रखी गई थी पार्टी

जानकारी के अनुसार दर्री निवासी एक युवक की शादी बिलासपुर में हुई थी। शादी के एक दिन बाद बुधवार को लड़के पक्ष की ओर से दर्री के मंगल भवन में पार्टी रखी गई थी। इस कार्यक्रम और चौथिया में शामिल होने के लिए बिलासपुर से दुल्हन पक्ष के कई महिला-पुरुष कोरबा पहुंचे थे।

डीजे पर डांस के दौरान बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि बिलासपुर से आए मेहमान जब डीजे पर डांस कर रहे थे, तभी धक्का-मुक्की को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष कार्यक्रम स्थल के बाहर आकर एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान चारपहिया वाहनों और बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई।

एक युवक घायल, पुलिस पहुंची मौके पर

मारपीट और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मारपीट करने वाले युवक फरार हो गए। घटना में बिलासपुर से आए युवक सुगंभी छोटे के सिर और हाथ में चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है।

जांच जारी

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मारपीट करने वाले युवक फरार हो गए थे, जबकि घायलों का इलाज कराया गया है। मामले की जांच जारी है।