कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के खरवानी गांव में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर नगदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात के बाद चोरों ने घर के किचन में लगे गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खुला छोड़ दिया। घर लौटने पर परिजनों को गैस की तेज बदबू आई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल खिड़की-दरवाजे खोलकर गैस बंद की। समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ी अनहोनी टल गई।
परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर दिया।
चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारी, बक्से और अन्य सामान को खंगाला। उन्होंने घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, कांसे के बर्तन, इंडक्शन चूल्हा, नए कपड़े और साड़ियां, चावल समेत अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया।
घर का सामान बिखरा मिला
परिवार के वापस लौटने पर घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी मिलते ही परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोलकर भागे चोर
इस वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि चोरों ने चोरी करने के बाद किचन में गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोल दिया और उसे बंद किए बिना ही फरार हो गए।
घर लौटने पर परिवार को पूरे मकान में गैस की तेज बदबू महसूस हुई। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने तत्काल खिड़की और दरवाजे खोले तथा गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बंद किया।
समय रहते गैस बंद किए जाने से आग लगने या किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
चोरी के बाद गैस खोलने की वजह क्या?
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि चोरों ने गैस सिलेंडर का रेगुलेटर क्यों खोला? क्या यह चोरी के दौरान हुई लापरवाही थी या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की मंशा थी? क्या चोर आग लगाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहे थे? पुलिस इन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद खरवानी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी है। पीड़ित परिवार ने उरगा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।











