कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा स्थित सनशाइन स्कूल के छात्रों के दो गुटों के बीच गुरुवार शाम स्कूल छुट्टी के बाद मुख्य मार्ग पर जमकर मारपीट हो गई। घटना शाम करीब 5 बजे स्कूल के बाहर की बताई जा रही है। इस दौरान छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-मुक्कों से हमला किया। मारपीट में एक छात्र की शर्ट तक फट गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और छात्र सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बाइक से पहुंचे कुछ छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट में शामिल कुछ छात्र स्कूल ड्रेस में नहीं थे और बाइक से मौके पर पहुंचे थे। ऐसे में विवाद में स्कूल के बाहर के कुछ नाबालिगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्ष बांकीमोंगरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घायलों का मुलाहिजा कराया गया है।
पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान और विवाद के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।











