Monday, September 7, 2026

Korba News: DMF के कामों में बड़ी गड़बड़ी, 8 MM की जगह लगा 6 MM सरिया; कलेक्टर ने दिए FIR और निलंबन के निर्देश

कोरबा। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने खनन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर DMF मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी, स्कूल और PDS भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में कई गंभीर खामियां सामने आईं। जेंजरा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में तय मानक से कम मोटाई का सरिया लगाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई।

कलेक्टर ने मामले में पंचनामा तैयार कर FIR दर्ज करने और सब इंजीनियर को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

8 MM की जगह मिला 6 MM का सरिया

जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम जेंजरा में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को स्लैब में लगे सरिया की गुणवत्ता को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल सीढ़ी मंगवाकर मौके पर ही सरिया की जांच कराई।

सब इंजीनियर रामकुमार पोर्ते ने स्लैब में 8 एमएम सरिया लगाए जाने की जानकारी दी थी, लेकिन जांच के दौरान कई स्थानों पर 6 एमएम का सरिया पाया गया। तय मानक और मौके पर मिली स्थिति में अंतर सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।

उन्होंने अधिकारियों को मामले में पंचनामा तैयार करने, FIR दर्ज कराने और संबंधित सब इंजीनियर को निलंबित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्कूल की टाइल्स में भी मिली खामी

कलेक्टर ने जेंजरा में निर्माणाधीन स्कूल भवन का भी निरीक्षण किया। यहां फर्श पर लगाई गई टाइल्स निर्धारित मापदंड के अनुरूप नहीं मिलीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता में सुधार करने और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए।

PDS भवन की नींव भी मिली नीचे

इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम सलोरा में निर्माणाधीन PDS भवन का निरीक्षण किया। यहां भवन की नींव जमीन के स्तर से काफी नीचे मिली। इस पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई और मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि DMF मद से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

अक्टूबर तक स्कूल भवन पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटघोरा में आदिवासी विकास विभाग द्वारा बनाए जा रहे स्कूल भवन का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को भवन का काम अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जेंजरा स्थित पुराने आंगनबाड़ी भवन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति की जानकारी ली।

Korba DMF News: निरीक्षण में सामने आई प्रमुख खामियां

  • आंगनबाड़ी भवन में 8 MM की जगह कई स्थानों पर 6 MM सरिया मिला।
  • स्कूल भवन की टाइल्स निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं मिलीं।
  • सलोरा के PDS भवन की नींव जमीन के स्तर से काफी नीचे मिली।
  • कलेक्टर ने गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
  • संबंधित सब इंजीनियर के खिलाफ FIR और निलंबन के निर्देश।
  • कटघोरा स्कूल भवन को अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया।