कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में SECL की कुसमुंडा कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के समय मकान में रहने वाले डंपर ऑपरेटर विकुल दास अपने परिवार के साथ पितृपक्ष मनाने गृहग्राम अंबिकापुर गए हुए थे। परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। मामले की शिकायत मिलने के बाद कुसमुंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूने मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, विकुल दास SECL की कुसमुंडा कॉलोनी स्थित B-322 आवास में अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार के अंबिकापुर जाने के दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। आशंका है कि आरोपी पीछे के दरवाजे को तोड़कर घर के अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
परिवार जब वापस लौटा तो घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
बेटे की शादी के लिए बनवाकर रखे थे जेवर
चोरी की इस घटना में परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ भावनात्मक रूप से भी बड़ा झटका लगा है। बताया जा रहा है कि विकुल दास ने अपने बेटे की शादी के लिए जेवर बनवाकर घर में सुरक्षित रखे थे। चोर इन गहनों को भी अपने साथ ले गए।
पीड़ित विकुल दास के मुताबिक, घर के सामने का ताला लगा हुआ था, लेकिन खिड़की खुली मिली। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद अलमारी की जांच करने पर जेवर और नकदी गायब मिले।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि SECL कर्मचारी के घर चोरी की घटना सामने आई है। घटना के समय परिवार बाहर गया हुआ था। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि चोरी करने से पहले आरोपियों ने मकान की रेकी की होगी। आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।
SECL कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कुसमुंडा कॉलोनी में हुई इस चोरी की घटना के बाद कर्मचारियों के बीच चिंता का माहौल है। त्योहारी सीजन और पारिवारिक आयोजनों के दौरान कई कर्मचारी अपने घरों से बाहर जाते हैं। ऐसे में सूने मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। चोरी हुए जेवरों की बरामदगी और वारदात में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।







