कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र की मानिकपुर चौकी अंतर्गत SECL कॉलोनी में रिटायर्ड SECL कर्मी के बंद बंगले का ताला तोड़कर चोर करीब 4 से 6 लाख रुपये के सोने के गहने ले गए। घटना 18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मकान मालिक का परिवार पिछले चार महीने से बिलासपुर में रह रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्य दरवाजे और बेडरूम के ताले तोड़कर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, SECL कॉलोनी स्थित बंगला नंबर D-03 प्रतिमा बिन्द का है। उनका परिवार करीब चार महीने पहले बिलासपुर शिफ्ट हो गया था। इस दौरान क्वार्टर की देखरेख की जिम्मेदारी रामनगर निवासी एक महिला को दी गई थी। महिला कॉलोनी के बंगला नंबर D-05 में सुषमा सिंह और D-03 में प्रतिमा बिन्द के यहां झाड़ू-पोंछा का काम करती है।
महिला का बेटा रूपेन्द्र भारती पिछले 11 दिनों से बंगला नंबर D-03 में सो रहा था, लेकिन 18 अक्टूबर की रात वह वहां नहीं सोया। महिला के मुताबिक, वह रात करीब 8 बजे क्वार्टर में पौधों को पानी देने और लाइट चालू करने के बाद अपने घर चली गई थी।
अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जब वह क्वार्टर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर दोनों बेडरूम के ताले भी टूटे मिले। अलमारी खुली पड़ी थी और कपड़े तथा सोने-चांदी के गहनों के पैकेट जमीन पर बिखरे हुए थे।
इसके बाद महिला ने वीडियो कॉल के जरिए मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।
पहले 2 से 3 लाख, बाद में 4 से 6 लाख के गहने चोरी होने का अनुमान
शुरुआत में बिखरे पैकेट और सामान की स्थिति देखकर करीब 2 से 3 लाख रुपये के जेवर चोरी होने का अनुमान लगाया गया था। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद क्वार्टर की देखरेख करने वाली महिला से पूछताछ की गई थी। शुरुआती जानकारी में उसने 2 से 3 लाख रुपये के गहने चोरी होने की बात बताई थी।
CSP के अनुसार, मकान मालिक के कोरबा लौटने और चोरी गए सामान की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद पता चला कि करीब 4 से 6 लाख रुपये के सोने के गहने गायब हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही मानिकपुर चौकी पुलिस
घटना के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
इसके अलावा क्वार्टर में आने-जाने वाले लोगों और वहां काम करने वाली महिला के बेटे से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों और गायब गहनों का पता लगाने में जुटी है।







