कोरबा: जिले के बांगो डैम में आई अचानक बाढ़ के बीच एक मछुआरा फंस गया, जिसे बहादुरी दिखाते हुए पुलिस की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोकुल (उम्र 45 वर्ष), जो तान नदी में मछली पकड़ने गया था, नदी में जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच धारा में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस ने तेजी से बचाव अभियान शुरू किया।

हालात बिगड़ते देख, हवलदार ओमप्रकाश डिक्सेना ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी और बहते हुए गोकुल को रस्सी के सहारे पकड़कर सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में ओमप्रकाश के साथ पुलिसकर्मी सुरेंद्र कुमार, अनिल पोर्ते, मानस मनी, अशोक खरे और 112 के चालक नागेंद्र गुप्ता की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मछुआरे गोकुल की जान बचाने के इस साहसी प्रयास की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।