छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी बुधवार को विधानसभा का घेराव करने निकले। इस दौरान कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस ने 5 लेयर में बैरिकेडिंग की थी। हालांकि कार्यकर्ता पहली बैरिकेडिंग ही तोड़ सके। इसके बाद पुलिस ने उन्हें वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर आगे बढ़ने से रोक दिया।
कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बैरिकेड तोड़ने के दौरान मेयर ऐजाज ढेबर ने पुलिस से अभद्रता भी की। हालांकि प्रदर्शन में चोट लगने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई है। फिलहाल कार्यकर्ता और नेता विधानसभा तक नहीं पहुंच सके और पहली बैरिकेड के बाद लौट गए।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी कर दी थी। इससे 15 हजार बच्चे आज स्कूल नहीं जा पाए। वहीं, मंडीगेट-मोवा रोड को शाम 5 बजे तक बंद कर रूट डायवर्ट किया गया है।
पहले तस्वीरों में देखिए कांग्रेस का प्रदर्शन…







प्रदर्शन में बारिश बनी रोड़ा, नहीं पहुंची भीड़
दरअसल, प्रदेश में कानून व्यवस्था, बलौदाबाजार हिंसा, आदिवासी और किसानों सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा घेराव कर ऐलान किया था। हालांकि इसमें बारिश रोड़ा बन गई। उम्मीद के मुताबिक कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचे। विपक्ष में आने के बाद कांग्रेस का ये सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया जा रहा था।
