Thursday, July 30, 2026

काला जादू करने के शक में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या:लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसे लोग; पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज

संबलपुर.ओडिशा में एक व्यक्ति को लोगों ने काला जादू करने के शक में पीट-पीट कर मार दिया। घटना सोमवार को ओडिशा के संबलपुर जिले के डिमिरिकुडा गांव में हुई। मृतक का नाम शुक्रु माझी (50) है। घटना को मृतक के घर में अंजाम दिया गया है।

मृतक के पड़ोसी ने कई बार उस पर काला जादू करने का आरोप लगाया था। इसको लेकर पड़ोसी और मृतक के बीच में पहले भी झगड़े हुए थे। किसिंडा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि मामले को लेकर पड़ोसी पर FIR दर्ज की गई।

मृतक के बेटे की मौत की बाद पड़ोसी का शक जागा
रैड़ाखोल सब-डिविजन के पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार साल पहले माझी के चार साल के बेटे की मौत भी हुई थी। इसके बाद से पड़ोसी को लगने लगा कि माझी ने अपने बेटे की बलि दी है। उसे डर था कि माझी और लोगों की बलि न दे, इसलिए उसने कुछ और लोगों के साथ मिलकर उसे मार डाला। पड़ोसी को मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया है।

लाठी, डंडों से पीटकर हत्या की
मृतक की पत्नी रतनी ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात पड़ोसी के साथ चार-पांच लोग उनके घर में घुसे और लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से उसके पति को मारने लगे। घटना के समय रतनी घर के पीछे हिस्से में काम कर रही थी। हथियार के साथ लोगों को देख कर वह डर के मारे घर के पीछे छिप गई।

थोड़ी देर बाद जब वह घर के अंदर आई तो उसका पति फर्श पर बेहोश पड़ा था। थोड़ी देर बाद गांव के लोग माझी को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसिंडा पुलिस स्टेशन इंचार्ज ने बताया कि मौके से लाठी,डंडे और कुल्हाड़ी बरामद की गई है।