इंफाल.मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो रही है। शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले में एक महिला की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कुछ हथियारबंद लोग सावोमबुंग इलाके में आए और उन्होंने 50 साल की एक महिला का चेहरा गोलियों से भून दिया।
घटना के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मणिपुर पुलिस के मुताबिक, महिला मरिंग नगा समुदाय से थी।
10 दिन पहले 6 जुलाई को मणिपुर के इंफाल वेस्ट जिले में ऐसी घटना सामने आई थी। जब स्कूल के बाहर एक महिला को गोली मार दी गई थी।
शनिवार को मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में तीन खाली ट्रकों में आग लगा दी गई। यह घटना सेकमाई थाना क्षेत्र के अवांग सेकमाई इलाके में हुई।










