Wednesday, August 5, 2026

पिटाई से महिला का गर्भपात मामला:आरोपी दूधवाला और उसके 2 साथी गिरफ्तार

सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में हुई मारपीट में गर्भवती महिला का गर्भ गिर जाने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दूध के पैसे देने को लेकर हुए विवाद में दूधवाले ने अपने लोगों को लाकर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की थी। 3 आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ गर्भवती महिला की भी डंडे से पिटाई कर दी थी, जिससे उसका 5 महीने का गर्भ गिर गया था।

मामला सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उलाकिया के बरबहला पारा का था। पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 3 आरोपियों को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया और उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।