Thursday, July 2, 2026

MP में 304 करोड़ का डैम फूटने का खतरा:बांध से पानी का रिसाव जारी, धार-खरगोन के 18 गांव खाली कराए; एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर स्टैंडबाई

धार में भरुडपुरा और कोठीदा के बीच कारम नदी पर बनाए जा रहे डैम में लीकेज के बाद पानी का रिसाव बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह बांध के एक तरफ की मिट्‌टी बह गई। इससे डैम की वॉल का बड़ा हिस्सा ढह गया। खतरे के मद्देनजर प्रशासन ने डैम के आसपास के 18 गांव खाली करा लिए है। इनमें धार जिले के 12 और खरगोन के 6 गांव शामिल हैं। इससे करीब 40 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।

डैम का पानी जिस नदी में जाएगा, उस पर आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-3 (AB रोड) का पुल है। हाईवे पर ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए प्रशासन की टीम तैनात है। वाहनों की आवाजाही कम कर दी गई है। इससे जाम के हालात बन गए। राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए सेना के संपर्क में है। अपर मुख्य सचिव, गृह राजेश राजोरा ने बताया कि एयरफोर्स के 2 हेलिकॉप्टर और आर्मी की एक कंपनी तैयार है।

रिसाव बढ़ा तो गांवों तक पहुंचेगा पानी
बांध में शुक्रवार दोपहर से ही रिसाव शुरू हो गया था। तब से ही प्रशासन की टीम मौके पर है। आसपास के 18 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया है। रिसाव अगर और बढ़ता है तो पानी गांवों तक पहुंच जाएगा। आसपास के रास्ते भी डूब जाएंगे।

डैम का पानी कराया जा रहा खाली
डैम के पानी को खाली करने की कोशिश भी की जा रही है। इसके लिए बांध के साइड से एक नहर निकाली जा रही है। पानी निकलने से बांध टूटने की स्थिति में बाढ़ का खतरा नहीं रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि बांध निर्माणाधीन है, इसमें बारिश के कारण पहले ही पानी भर जाने के कारण ये हालात बने हैं। हालांकि अभी बांध फूटने जैसी स्थिति नहीं है। डैम का पानी निकालने के लिए 4 पोकलेन मशीनें नहर बनाने के काम में लगी हुई हैं।

मरम्मत का काम भी तेजी से जारी
इंदौर के साथ भोपाल से विशेषज्ञों की टीम डैम को देखने पहुंची। डैम के गेट खोलकर पानी निकालने की तैयारी की जा रही है। मरम्मत का काम भी तेजी से शुरू हो चुका है। फिलहाल बारिश रुकी हुई है, लेकिन अगले कुछ घंटों में बारिश होती है तो हालात बिगड़ सकते हैं। इस लिहाज से अगले 10 घंटे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। NDRF, SDERF के साथ ही पुलिस, प्रशासन, होम गार्ड और राजस्व विभाग का अमला बचाव कार्य में लगा है।

4 साल से चल रहा डैम का काम
धार जिले में 304.44 करोड़ की लागत से कारम नदी पर डैम बनाया जा रहा है। कारम नदी परियोजना के लिए 4 साल से काम चल रहा है। डैम पूरी तरह बन जाने के बाद 52 गांवों की 10 हजार 500 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी।

इन गांवों में अलर्ट
डैम का जल संग्रहण क्षेत्र 183.83 वर्ग किमी है। बांध की लंबाई 564 मीटर और चौड़ाई 6 मीटर है। जल भरण क्षमता करीब 43-98 मीट्रिक घन मीटर रखी जाएगी। अधिकारियों ने निरीक्षण करने के बाद कोठीदा, भारुडपुरा, इमलीपुरा, भांडाखो, दुगनी, डेहरिया, सिमराली, सिरसोदिया, डहीवर, लसनगांव व हनुमंतिया जैसे गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन गांवों में प्रशासन की टीम तैनात है।

इंदौर से 78 किमी दूर ट्रैफिक रोका
खलघाट से इंदौर रोड आने और इस रास्ते से जाने वालों के लिए इंदौर से 78 किमी दूर ट्रैफिक रोक दिया गया है। निर्माणाधीन कोरवा डैम की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। लीकेज की वजह से हादसा न हो जाए, इसलिए प्रशासन ने दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति मानपुर घाट के आगे और खलघाट के बीच गुजरी ग्राम में है। इस वजह से दोनों ओर कई किमी लंबा जाम लग गया है। हजारों वाहन और परिवार फंस गए हैं।

कमलनाथ का सरकार पर निशाना
कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा- 304 करोड़ की इस योजना में शुरू से ही स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि घटिया निर्माण की शिकायत कर रहे थे। शिकायतों की अनदेखी की गई। सरकार से मांग है कि जांच दल गठित कर इसकी जांच कराई जाए।