Friday, March 20, 2026

NH-43 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, 2 की मौत, 2 गंभीर

अनूपपुर/कोतमा। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतमा थाना क्षेत्र में सलीम ढाबा के पास तेज रफ्तार कार ने डीजल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में 4 ड्रम डीजल भरा हुआ था और वह सड़क पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (क्रमांक CG 07 M 1454) अनियंत्रित होकर ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत में जा घुसी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही थी। हादसे में कार चालक दुलारे शर्मा (40 वर्ष) और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार हरिशंकर चतुर्वेदी (64 वर्ष) और मीना देवांगन (33 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात को बहाल कराया और दोनों वाहनों सहित डीजल को जब्त कर लिया है।