रायपुर। नेशनल हाईवे-53 एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। शुक्रवार तड़के पारागांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरंग थाना क्षेत्र के बागेश्वर पारा निवासी श्रवण जलक्षत्री पिता रामानंद जलक्षत्री (40 वर्ष), मंगलू जलक्षत्री पिता सनी जलक्षत्री (28 वर्ष) और मंगलू का 6 वर्षीय बेटा तिलक जलक्षत्री शुक्रवार सुबह महानदी में मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर नदी की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि निसदा मोड़ के बाद उनकी बाइक रांग साइड से होते हुए महानदी पुल की तरफ बढ़ रही थी। इसी दौरान महासमुंद की ओर से आ रहा मुरूम से भरा तेज रफ्तार हाइवा सामने से आकर बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार दूर जा गिरे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी मची रही और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची, सड़क पर बिखरे शवों के अवशेषों को एकत्र कर पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्चुरी भिजवाया गया। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में नाकाबंदी की गई है।
जैसे ही हादसे की खबर बागेश्वर पारा पहुंची, पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। एक ही परिवार के दो चिराग बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम तिलक की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पड़ोसी और रिश्तेदार शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों ने NH-53 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।









