Thursday, August 6, 2026

‘कोई भी अपने से मुख्यमंत्री नहीं बन सकता’:​​​​​​​सिंहदेव बोले- सब कुछ हाईकमान पर वह जैसा निर्णय करे, चुनाव से पहले भविष्य का लूंगा फैसला

रायपुर. स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है,कि कोई भी अपने से मुख्यमंत्री नहीं बनता, न ही बन सकता है। इसकी एक प्रक्रिया होती है। सब कुछ हाईकमान पर है वह जैसा निर्णय करे। कार्यकर्ताओं की बात को लेकर एक सवाल पर सिंहदेव ने कहा, वे चुनाव से पहले अपने भविष्य को लेकर कोई निर्णय लेंगे।

सूरजपुर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान सवाल हुआ कि यहां के कार्यकर्ता आप को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। अगले साल चुनाव है। ऐसे में इन कार्यकर्ताओं को कैसे मनाएंगे। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा, यह तो कार्यकर्ताओं पर है कि वे किस बात को लेकर काम करना चाहेंगे।

चुनाव के पहले आते तक मैं अपने भविष्य को लेकर निर्णय लूंगा। मैंने अभी इसके बारे में सोचा नहीं है। बाद में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा, भविष्य तो सबका अनिश्चित रहता है। आगे क्या निर्णय करना है, समय आने पर फैसला होता है। यहां मुख्यमंत्री की चर्चा होती रही है। वह तो है ही।

मैंने हमेशा कहा है और भूपेश जी ने भी कहा है कि वह हाईकमान के ऊपर रहता है। वह जैसा निर्णय करे। हम या भूपेश या दूसरा-तीसरा कोई भी अपने से मुख्यमंत्री नहीं बनता, ना ही बन सकता है, किसी भी दल में। वह हमारी प्रक्रिया होती है। एक प्रोटोकॉल है उस नाते तय होता है कि मुख्यमंत्री किसे बनना है। यह एक अलग बात होगी। कभी-कभी कुछ बातें ऐसी होती हैं जो नहीं होनी चाहिए लेकिन हो जाती हैं।