Friday, July 3, 2026

NSUI जिला अध्यक्ष के छेड़छाड़ मामले में सियासत:शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष बोले-किसी पर ऐसे आरोप लगाना गलत

जांजगीर जिले में NSUI जिला अध्यक्ष के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज होने के बाद सियासत शुरू हो गई है। बीजेपी-कांग्रेस दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। इस बीच कांग्रेस नेता और शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल का कहना है कि ऐसे ही किसी पर आरोप लगाना गलत है। वहीं बीजेपी विधायक सौरभ सिंह का कहना है कि यही कांग्रेस की संस्कृति है।

दरअसल, शुक्रवार को एक छात्रा ने NSUI के जिला अध्यक्ष अंकित सिंह सिसोदिया पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसके बाद सिसोदिया के खिलाफ अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस पर सिसोदिया ने कहा था कि यह एक राजनीतिक षड़यंत्र है, जो ठीक नहीं है।

अब शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल का इस मामले में बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल गलत है,आजकल तो यह फैशन बन गया है। उन्होंने कहा कि आजकल के बच्चे मां-बाप के संस्कार का दुरुपयोग कर रहे हैं। मैं सभी बच्चों से अनुरोध कर रहा हूं कि वे अपने संस्कार अपनी मर्यादा में रहते हुए कार्य करें, किसी पर जबरदस्ती आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाना चाहिए। रामकुमार ने कहा कि जो गलत है वह गलत है, गलत पर सजा मिलनी चाहिए।”

इधर, अकलतरा से बीजेपी विधायक सौरभ सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की संस्कृति है, यही कांग्रेस की सभ्यता है। वह शख्स जिस पर आरोप लगा है, वह जिला अध्यक्ष के साथ-साथ पूर्व पार्षद भी रहे हैं। हम राजनीतिक जीवन में रहने वालों की सार्वजनिक जिम्मेदारी बनती है कि अपनी माताओं, बहनों, बेटियों की अस्मिता के ऊपर कहीं पर आंच आती है, या हमारे तरफ से कोई भी ऐसा गलत काम किया जाता है तो यह शर्मनाक घटना है। उन्होंने कहा कि इस शर्मनाक घटना के बाद भी अगर कांग्रेस के लोग कह रहे हैं कि यह राजनीतिक साजिश है तो आप उस बेटी का अपमान कर रहे हैं।