Sunday, October 4, 2026

सिस्टम को खुली चुनौती, जो चंदा नहीं देगा उसे नहीं मिलेगा सरकारी राशन, 101 रुपये और 1 किलो चावल की डिमांड…

कोरबा. उरगा के ग्राम पंचायत गिधौरी में सरपंच पति ने गजब का फरमान जारी किया है. जिसे आप भी सुनकर हैरान हो जाएंगे. सरपंच पति गोविंदा कंवर ने कहा है कि, अगर गांव वाले नवरात्र के चंदा नहीं देते हैं तो उन्हें राशन नहीं मिलेगा. पहले गांव में होने वाले नवरात्र का चंदा देना होगा. उसके बाद ही उन्हें राशन का सामान दिया जाएगा. जो ग्रामीण चंदा नहीं देगा उसे इस माह का राशन भी नहीं मिलेगा.

बता दें कि, चंदा नहीं देने पर राशन ना देने का फरमान जारी किया गया है. जिसे सुनकर ग्रामीण भी हैरान हो गए. जानकारी के अनुसार, पहले घर-घर आकर चंदा लिया जाता था. जहां ग्रामीण अपने स्वेच्छा से चंदा देते थे, लेकिन इस बार सरपंच पति का फरमान आया है कि पहले 101 रुपये और एक किलो चावल दो उसके बाद पूरा राशन मिलेगा. पंचायत के राशन दुकान में राशन लेने आए ग्रामीणों ने बताया कि, चंदा नहीं दिए जाने पर उन्हें राशन नहीं दिया गया है. जबकि सरकारी राशन निशुल्क है.