अफगानिस्तान में विमान क्रैश:मॉस्को जा रहा था, कल रात रडार से गायब हुआ; पाक-अफगान मीडिया ने इसे भारतीय विमान बताया था

लाल सर्किल में वो जगह है जहां प्लेन क्रैश होने की बात कही जा रही है। - Dainik Bhaskarअफगानिस्तान के बदख्शां खां इलाके में एक प्लेन क्रैश होने की खबर है। पाकिस्तानी मीडिया हाउस समा के मुताबिक यह प्लेन भारत से मॉस्को जा रहा था। समा ने बदख्शां प्रांत के पुलिस कमांड के हवाले से जानकारी दी है कि प्लेन कल रात रडार से गायब हो गया था। इसके बाद ये जेबाक जिले के पर्वतीय इलाके में क्रैश हो गया।

प्लेन क्रैश को लेकर शुरुआती जानकारी यह मिली थी कि अफगानिस्तान में क्रैश हुआ प्लेन भारतीय पैसेंजर प्लेन था। हालांकि करीब आधे घंटे बाद मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी दी गई कि क्रैश हुआ प्लेन भारतीय नहीं था। साथ ही इसके रेगुलर पैसेंजर फ्लाइट होने को लेकर भी कोई सटीक जानकारी सामने नहीं आई।

इधर टोलो न्यूज ने बदख्शां के सूचना विभाग के प्रवक्ता जबीहुल्लाह अमीरी के हवाले से बताया है कि घटना की जांच के लिए एक टीम को इलाके में भेजा गया है।

इधर भारत सरकार की तरफ से प्लेन क्रैश होने की खबर पर कुछ नहीं कहा गया है।

अफगानी मीडिया ने इसे भारतीय विमान बताया था
दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर अफगानी मीडिया के हवाले से कहा गया था कि ये विमान भारत का है, ये मॉस्को जा रहा था। हालांकि, आधे घंटे के भीतर फिर ये जानकारी आई की ये पैसेंजर प्लेन नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये कोई चार्टर्ड प्लेन हो सकता है।