Thursday, September 17, 2026

PM Modi Birthday: रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक दीयों से जगमगाया तेलीबांधा, लाखों मिट्टी के दीये जलाने की तैयारी

रायपुर- तेलीबांधा तालाब में इलेक्ट्रॉनिक दीये जलाए गए।रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में तेलीबांधा तालाब पर इलेक्ट्रॉनिक दीये जलाए गए, जबकि लाखों मिट्टी के दीये जलाने की तैयारी की गई है। इसके लिए सरकारी शिक्षकों और अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महादेव घाट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और महाआरती में हिस्सा लिया। वहीं राजधानी में शाम 7 बजे से कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से बचाने के लिए रूट चार्ट जारी किया है।

तेलीबांधा से महादेव घाट तक कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर आयोजन किए जा रहे हैं। तेलीबांधा तालाब में इलेक्ट्रॉनिक दीयों से सजावट की गई है। इसके अलावा कटोरा तालाब कैनाल रोड के किनारे करीब 4 किलोमीटर क्षेत्र में दीये जलाने की तैयारी की गई है।

कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं।

बिलासपुर और जगदलपुर में भी विशेष आयोजन

बिलासपुर में पोडियम पर भारत के नक्शे के बीच रंगोली के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनाई गई है। वहीं जगदलपुर में भी दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यहां मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने डेढ़ लाख से अधिक दीये सजाए गए हैं।

जगदलपुर में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद

जगदलपुर में दीपोत्सव की तैयारियों के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। कांग्रेस ने मंदिर के सामने दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया।

इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हुई। उनके वहां से लौटने के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर जूते-चप्पल फेंके जाने की भी बात सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराई।

रायपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, रूट चार्ट जारी

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों को देखते हुए रायपुर में शाम 7 बजे से कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

इस दौरान शहर के प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी की गई है।