Monday, September 21, 2026

मौत पर सियासत: नारायण चंदेल का बड़ा हमला, कहा- शराब से 3 युवकों की मौत के लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार, 50-50 लाख का दें मुआवजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ के ग्राम रोगदा में शराब पीने से 3 युवकों की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा है कि, प्रदेश में अवैध शराब गांव-गांव में मौत का पैगाम लेकर जा रही है. गरीब परिवार उजड़ रहे हैं. सरकार अवैध शराब सेवन से असमय मृत्यु के शिकार हुए तीनों युवाओं के परिवार को 50-50 लाख का मुआवजा दे और तत्काल शराबबंदी लागू करे.नारायण चंदेल ने शराब सेवन से तीन युवाओं की मौत को दु:खद और बड़ी घटना बताते हुए दुखी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध नकली शराब का विक्रय हो रहा है. दो हजार करोड़ का शराब घोटाला पकड़ा गया है. सरकार इसकी जिम्मेदार है. किसी जांच की जरूरत नहीं है. इसका प्रमाण सामने है. खुद मुख्यमंत्री कबूल कर रहे हैं कि वे शराब बंदी की हिम्मत नहीं कर सके. यह हिम्मत इसलिए नहीं हो रही कि छत्तीसगढ़ की जनता को लूटकर, उसकी जान से खिलवाड़ कर अवैध कमाई करना इनका मकसद है.