Monday, August 3, 2026

पुंछ हमला… आतंकियों ने मिलिट्री ट्रक पर स्टील बुलेट दागीं:इनके सामने बख्तरबंद ढाल तक बेअसर, स्नाइपर अटैक के बाद ग्रेनेड भी फेंके थे

श्रीनगर.जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 20 अप्रैल को आर्मी के ट्रक पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 5 जवान शहीद हो गए थे। मामले की जांच NSG और NIA की टीम कर रही है। घटना को लेकर रविवार को एक जानकारी सामने आई है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आतंकियों ने ट्रक से जा रहे जवानों पर हमले के लिए स्टील कोर बुलेट्स का इस्तेमाल किया। ये बुलेट्स बख्तरबंद ढाल को भेदने में सक्षम थी।

माना जा रहा है कि भाटा धुरियान के घने जंगल वाले इलाके में एक स्नाइपर ने ट्रक को आगे से निशाना बनाया। इसके बाद अन्य आतंकवादियों ने ट्रक पर गोलियां बरसाई और ग्रेनेड फेंके। सैनिकों को जवाबी कार्रवाई करने का समय नहीं मिला।

सेना के ट्रक में इफ्तार के लिए खाने का सामान था। इसे लेकर वे पास के गांव जा रहे थे। ये जवान आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स की एक यूनिट से थे। बता दें कि हमले के बाद आतंकवादी सैनिकों के हथियार लेकर फरार हो गए।

यह आर्मी का वही ट्रक है, जिस पर 20 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था। जवान इफ्तार के लिए सब्जी और अन्य सामान ले जा रहे थे।
यह आर्मी का वही ट्रक है, जिस पर 20 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था। जवान इफ्तार के लिए सब्जी और अन्य सामान ले जा रहे थे।

NSG और NIA ने जानकारी जुटाई
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) सहित विभिन्न एजेंसियों के विशेषज्ञों ने पिछले दो दिनों में हमले के स्थल का दौरा किया है और घातक हमले वाली जगह का दौरा किया और हमले को लेकर स्पष्ट जानकारी जुटाई।

हालांकि जिस क्षेत्र में हमला हुआ था, उसे लंबे समय से आतंकवाद मुक्त माना जाता रहा है। भाटा धूरियन जंगल इलाका आतंकवादियों के लिए भारत में घुसपैठ का रास्ता था। यहां नियंत्रण रेखा (एलओसी) को पार कर आतंकी आते रहे हैं। यह इलाका घने जंगल और प्राकृतिक गुफाओं वाला है।

घटनास्थल पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने जांच की। उसे मौके पर आतंकी हमले के सबूत मिले हैं।