अमृतसर.वारिस पंजाब दे के चीफ व खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश का रविवार को 9वां दिन है। पुलिस पंजाब के अलावा 5 राज्यों में सर्च कर रही है। अमृतपाल के जैकेट-चश्मे और ट्रैकसूट में वीडियो वायरल हो रहे हैं। ये पटियाला के बताए जा रहे हैं। पटियाला में अमृतपाल को पनाह देने वाली महिला को अरेस्ट कर लिया गया है।
उसकी तलाश के लिए नेपाल बॉर्डर पर वांटेड के पोस्टर भी लगा दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल की आखिरी लोकेशन उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में मिली है। महाराजगंज में UP से नेपाल बॉर्डर सटा हुआ है।
एक नया खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस सोर्सेज ने बताया कि अपनी प्राइवेट आर्मी को ट्रेनिंग देने के लिए अमृतपाल ने पाकिस्तान से 6 AK-47 और 2 AK-56 मंगाई थीं। हथियार जम्मू-कश्मीर के रास्ते पंजाब पहुंचने थे।
अमृतपाल अपनी प्राइवेट आर्मी आनंदपुर खालसा फौज (AKF) और अमृतपाल टाइगर फोर्स (ATF) को इसकी ट्रेनिंग देना चाहता था। इसके लिए वह पाकिस्तान के रिटायर्ड मेजर के संपर्क में था।

गोरख बाबा को पनाह देने वाला गिरफ्तार
वहीं तेजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को पनाह देने वाला बलवंत सिंह भी पुलिस गिरफ्त में आ गया है। बलवंत सिंह खन्ना के कुल्ही गांव का रहने वाला है। बलवंत सिंह के बारे में खुद गोरखा ने पुलिस को जानकारी दी है।
अब न्यूयॉर्क के टाइम स्कवायर पर अमृतपाल की तस्वीर
खालिस्तानी समर्थकों की तरफ से अमेरिका में न्यूयॉर्क के टाइम स्कवायर पर अब अमृतपाल सिंह और जरनैल सिंह भिंडरावाले की तस्वीर को दिखाया गया है। ब्रिट एशिया टीवी के ट्वीटर पेज पर शेयर की गई इस वीडियो के बाद विदेश में बसे भारतीयों ने गुस्सा जाहिर किया है।
ऑपरेशन अमृतपाल से जुड़े 3 लेटेस्ट फोटोज



पटियाला में अमृतपाल को पनाह देने वाली महिला ने पुलिस को बताया कोडवर्ड…
पंजाब पुलिस की गिरफ्त से फरार हुए अमृतपाल सिंह और पप्पलप्रीत सिंह ने 19 मार्च की रात को पटियाला में शरण ली थी। वहां भी एक महिला बलबीर कौर ने उन्हें अपने घर में रोका था। पुलिस ने महिला बलबीर कौर को आइडेंटिफाई करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने बताया कि अमृतपाल ने उसे शाहाबाद से स्कूटी से पटियाला के गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में छोड़ने को कहा था। महिला ने बताया कि अमृतपाल कोडवर्ड में बात कर रहा है। उसने महिला से कहा था कि उसे एक नंबर पर कहना है कि ‘बुआ जी रेनू बोल रही हूं, चाबी मैट के नीचे है’। इस दौरान लोकेशन न मिले, इसके लिए बलजीत कौर ने अपने मोबाइल को एयरप्लेन मोड पर लगा रखा था।
बलजीत कौर के फोन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पप्पलप्रीत सिंह की बहन-जीजा को जम्मू से हिरासत में लिया। इंदौर से भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। कुरुक्षेत्र में रुके अमृतपाल और पप्पलप्रीत सिंह ने बलजीत कौर के फोन से इन व्यक्तियों से लंबी बातचीत की थी।








