रायपुर. माता कौशल्या और भगवान श्रीराम की पावन धरती छत्तीसगढ़ में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर प्रदेशभर में हर्ष का माहौल है। प्रदेश के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण है, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राष्ट्रपति के स्वागत में अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ में आना हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व का क्षण है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस ऐतिहासिक आगमन पर अपनी भावना प्रकट करते हुए लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के आगमन ने प्रदेश की गरिमा को और बढ़ा दिया है। रायपुर में राष्ट्रपति की स्वागत सभा में राज्यपाल श्री रामेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के वरिष्ठ नेता तथा मंत्रीगण उपस्थित रहे, जहां पर देश के विकास और प्रदेश की प्रगति पर संवाद का आदान-प्रदान हुआ।
इस मुलाकात को महंत ने प्रदेश के लिए “गौरव का क्षण” कहा और कहा कि राष्ट्रपति के आगमन से छत्तीसगढ़ की जनता के साथ एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहरों की झलक भी प्रस्तुत की गई, जिसने प्रदेश की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर और भी प्रखर किया।