रायपुर। छत्तीसगढ़ आज विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ा रहा है. आज छत्तीसगढ़ को 6400 करोड़ रुपए से अधिक की रेल परियोजनाओं का उपहार मिल रहा है. छत्तीसगढ़ का सामर्थ्य उर्जा उत्पादन में बढ़ाने के लिए, स्वास्थ्य के क्षेत्र में और सुधार के लिए आज अनेक नई योजनाओं का शुभारंभ हुआ है. आज यहां सिकलसेल काउंसलिंग कार्ड भी बांटे गए हैं. यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायगढ़ के कोडातराई में आयोजित कार्यक्रम में कही.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आधुनिक विकास की तेज रफ्तार के साथ ही गरीब कल्याण के भी तेज रफ्तार का भारतीय मॉडल दुनिया देख रही है. कुछ दिन पहले जी20 सम्मेलन के दौरान बड़े-बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली आए थे, ये सभी भारत के विकास, गरीण कल्याण के प्रयासों से प्रभावित होकर गए हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया की बड़ी-बड़ी संस्थाएं भारत की सफलता से सीखने की बात कह रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि आज विकास में देश के हर राज्य को, हर इलाके को बराबर प्राथमिकता मिल रही है. जैसा उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें मिलकर देश को आगे बढ़ाना है. छत्तीसगढ़ और रायगढ़ का यह इलाका भी इसका गवाह है.
नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के विकास के लिए पावर हाउस की तरह है, देश को विकास के लिए जब उसके पावर हाउस अपनी पूरी ताकत के साथ काम करेंगे. इसी सोच के साथ बीते 9 वर्षों में हमने छत्तीसगढ़ के बहुमुखी विकास के लिए निरंतर काम किया है. उस विजन का, उन नीतियों का परिणाम आज हमें यहां दिख रहा है. आज छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार द्वारा बड़ी योजनाएं पूरी की जा रही है. नई-नई योजनाओं की नींव रखी जा रही है.











