Monday, April 13, 2026

पीएससी भर्ती में घोटाला:सोनवानी समेत कई अफसरों-नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार-जालसाजी पर एफआईआर, पूर्व चेयरमैन सहित अन्य की तलाश शुरू

रायपुर.छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) की भर्ती में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप में तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी, सचिव, परीक्षा नियंत्रक समेत अधिकारियों और नेताओं पर बालोद के अर्जुंदा थाने में चारसौबीसी और भ्रष्टाचार पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस 2019 के बाद जितनी भी भर्ती परीक्षाएं हुईं हैं, उन सभी की जांच करेगी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है।

दावा किया जा रहा है कि जल्द ही पूर्व चेयरमैन सोनवानी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इससे पहले इस मामले में ईओडब्ल्यू केस दर्ज कर चुकी है। साथ ही सरकार ने सीबीआई की जांच की अनुशंसा की है।

पुलिस के अनुसार बालोद के अभ्यर्थी ने लिखित में शिकायत की है कि वह पीएससी द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2021 में शामिल हुआ था। वह ​प्रिलिम्स और मेंस पास होने के बाद इंटरव्यू तक पहुंचा। उसका इंटरव्यू भी अच्छा गया, लेकिन चयन नहीं हुआ, जबकि कुछ लोग इंटरव्यू से तुरंत निकल गए। उसके बाद भी उनका चयन हो गया।

इसमें पीएससी के तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी का बेटा, बहू, पुत्री और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेसी नेता, अधिकारी, कर्मचारी और प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदार भी थे। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में जो उम्मीदवार परीक्षा में नहीं बैठे थे। उनका भी चयन हुआ है। छात्र की शिकायत पर अर्जुंदा थाना में जालसाजी, साजिश और भ्रष्टाचार व पद के दुरुपयोग का केस दर्ज किया गया है।