Sunday, August 23, 2026

रेप पीड़िता ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, मांगी इच्छामृत्यु की अनुमति

पीलीभीत. अपने ही सौतेले बेटे और अपने पति के दोस्तों द्वारा कथित तौर पर बलात्कार की शिकार एक महिला ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है. राष्ट्रपति को लिखे पत्र में महिला ने लिखा है कि, वह न्याय की सारी उम्मीद खो चुकी है. 9 अक्टूबर को पूरनपुर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने जानबूझकर किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया.

इसके साथ ही उसने कहा है, उसे बार-बार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. पीड़िता की उम्र करीब 30 वर्ष है. उसने लिखा कि, मैंने काफी संघर्ष किया है और मुझे नहीं लगता कि मुझे कोई न्याय मिलेगा. इसलिए, मैं आपकी राष्ट्रपति की अनुमति से अपना जीवन समाप्त करना चाहती हूं.

 

पीड़ित महिला के अनुसार, उसने तीन साल पहले तलाक के बाद दूसरी बार चंडीगढ़ के तलाकशुदा किसान (55 वर्ष) से शादी की थी. उसके सौतेले बेटे ने अप्रैल में अवैध संबंध के लिए उससे संपर्क किया और तब से वह उसका बार-बार यौन उत्पीड़न कर रहा है. सौतेले बेटे ने उसे परिणाम की धमकी दी. जिसने शुरू में उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया.

बता दें कि हाल ही में पूरनपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई और उसके पति और सौतेले बेटे सहित पांच लोगों पर आईपीसी की धारा 376-डी (सामूहिक बलात्कार), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 504 (जानबूझकर अपमान) और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया. लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. महिला फिलहाल बरेली में अपनी मां, भाई और छह साल के बेटे के साथ रहती है.