Thursday, March 19, 2026

इंदौर में सड़क हादसा, महिला-बच्चे समेत चार की मौत:बाणगंगा ब्रिज के उतार पर क्रेन ने आगे चल रही दो बाइक को रौंदा

इंदौर.इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां बाणगंगा थाने के पास ब्रिज के उतार पर दो बाइक पर पीछे से आई क्रेन चढ़ गई। इससे चार लोगों की मौत हो गई। इसमें एक महिला, छह साल का बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं। एक अन्य 40 साल की महिला का पैर टूटा है। उसका अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा है। चश्मदीद ने बताया, बस के ठीक पीछे चल रही क्रेन के ड्राइवर को आगे चल रही बाइक नहीं दिखी। मृतक एरोड्रम कावेरी नगर इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।

टीआई राजेंद्र सोनी ने बताया एक कार, एक बस और एक क्रेन इंदौर से सांवेर तरफ जा रही थी। बस क्रेन के ठीक आगे थी। इस दौरान बस के साइड से चल रही दो बाइक को क्रेन रौंदते हुए आगे निकल गई। पहले यह बताया जा रहा था कि सामने से बाइक सवार क्रेन में घुसे हैं लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें क्रेन रफ्तार से कुचलते हुए दिख रही है। हादसे के चलते बाणगंगा ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।