रायपुर AIIMS(ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) में हुआ इवेंट अब विवादों के घेरे में है। आयोजकों पर इल्जाम है कि वो रात के 1 बजे तक तेज आवाज में DJ का शोर मचाते रहे, हुल्लड़ होता रहा। न आयोजकों ने अपनी जिम्मेदारी समझी न पुलिस ने कार्यक्रम को आधी रात रुकवाया। अस्पताल और आस-पास रहने वाले लोग इस शोर से परेशान होते रहे। तीन दिनों के कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान भी परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे। लोगों ने देर रात कार्यक्रम की वजह से हो रहे शोर का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और अब इस मामले की शिकायत केंद्रीय मंत्री से की गई है।
दरअसल ओरियाना 2022 नाम का कार्यक्रम AIIMS में किया गया। ये हर साल यहां के कॉलेज में होने वाला कल्चरल इवेंट होता है। इसे जुनियर डॉक्टर्स ही ऑर्गनाइज करते हैं। कार्यक्रम के तहत दिनभर क्रिएटिव प्रतियोगिताएं होती हैं। इसके बाद शाम को फैशन शो, कॉमेडी, सिंगिंग नाइट और रॉक बैंड की परफॉर्मेंस। अब विवाद इस बात का है कि आयोजन की आड़ में नियमों की धज्जियां उड़ाकर देर रात तक तेज म्यूजिक का शोर होता रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। मगर कोई मदद नहीं मिली।
इस पूरे मामले में नागरिक संघर्ष समिति की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को शिकायत भेजी गई है। इस शिकायत में ओरियाना कार्यक्रम में रात 1 बजे तक साइलेंट जोन एम्स अस्पताल के पास ध्वनि प्रदुषण करने की बात कही गई है। ये भी मांग की गई है कि ऐसे आयोजन को अनुमति देने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
नागरिक संघर्ष समिति के विश्वजीत मित्रा ने बताया कि एम्स ध्वनि प्रदुषण रेगुलेशन एंड कण्ट्रोल रूल 2000 के तहत साइलेंस जोन में आता है, जहां पर रात 10 बजे के बाद ध्वनि का स्तर 40 डेसीबल से अधिक नहीं हाेना चाहिए। 500 मीटर दूरी से बनाया गए एक वीडियो से प्रमाणित होता है कि वहां साउंड का लेवल 120 डेसीबल सेे अधिक था।









