Friday, April 3, 2026

SECL खदान में बंद कराया काम:पुलिस से झड़प, बेहोश होकर गिरे ग्रामीण; बच्चों को गोद में लेकर महिलाओं ने घेरा GM ऑफिस

छत्तीसगढ़ के कोरबा में SECL के भू विस्थापित किसानों का गुस्सा मंगलवार देर रात भड़क गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने परिवारों साथ कुसमुंडा खदान पहुंच गए और काम बंद करा दिया। करीब 6 घंटे तक काम बंद होने के बाद सुबह हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों से उनकी झड़प हो गई। इस दौरान कई ग्रामीण बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने 60 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, पिछले एक माह से 12 गांव के भू-विस्थापित SECL के GM ऑफिस के बाहर हड़ताल पर बैठे हैं। यह सभी रोजगार सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भू-विस्थापित रोजगार एकता समिति ने माकपा और छग किसान सभा के बैनर तले कुसमुंडा खदान पहुंच गए। वहां काम बंद करा दिया। सुबह करीब 8 बजे तक हंगामा चलता रहा। इसके कारण उत्खनन और अन्य काम रुक गए।