कर्नाटक में शनिवार को कांग्रेस की सरकार बन गई। सिद्धारमैया ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दोपहर 12.30 बजे उन्हें पद की शपथ दिलाई। इनके बाद, डीके शिवकुमार ने इकलौते डिप्टी CM के तौर पर शपथ ली।
डॉ जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज और एमबी पाटिल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे (मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे), रामालिंगा रेड्डी और जमीर अहमद खान ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, ‘हमने आपसे 5 वादे किए थे। 1-2 घंटे में कर्नाटक सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। उसमें ये 5 वादे कानून बन जाएंगे। मैंने कहा था कि हम झूठे वादे नहीं करते। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।’
13 मई को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135, BJP ने 66 और JDS ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। नतीजे आने के बाद कांग्रेस में CM पद को लेकर पांच दिन तक मंथन चलता रहा। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच दावेदारी थी। आलाकमान ने सिद्धारमैया को चुना। डीके को सोनिया गांधी ने डिप्टी CM के लिए मनाया।