भिलाई से 3.5 लाख रुपए के साथ गायब हुआ 15 साल का लड़का मुंबई से पकड़ लिया गया है। उसे उसकी बहनों ने रुपए लेकर घर भेजा था, लेकिन वह घर न जाकर अय्याशी करने निकल गया। उसने दोस्तों के साथ दो दिन दुर्ग में ही रहकर पहले तो शराब पार्टी की, उसके बाद मुंबई भाग गया। पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया है।
छावनी सीएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नैना साहू पिता पवन साहू (19 साल) ने अपने छोटे भाई के लापता होने की शिकायत छावनी थाने में दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वो अपनी एक बहन और 15 वर्षीय भाई फनेश्वर साहू के साथ जवाहर नगर, केएच मेमोरियल स्कूल के पास भिलाई में रहती है। दोनों बहनें प्राइवेट सेक्टर में जॉब करती हैं, वहीं भाई उनके साथ रहकर पढ़ाई करता है। वो मूलतः बेमेतरा जिले के नवागढ़ की रहने वाली हैं। उनके पिता को अचानक साढ़े तीन लाख रुपए की जरूरत पड़ गई थी। इसलिए दोनों बहनों ने पैसे का इंतजाम किया और बीते 30 नवंबर को भाई को घर भेजा था।
बताया गया कि नैना ने भाई को स्कूटी से सुबह 11 बजे बस स्टॉप पावर हाउस छोड़ा और अपने पापा को इसकी जानकारी दी। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब फनेश्वर घर नहीं पहुंचा तो पिता ने बेटी को फोन करके जानकारी दी। भाई के घर न पहुंचने पर बहनें परेशान हुईं। उन्होंने उसकी तलाश की और दोस्तों को फोन करके पूछा। जब उसका कहीं पता नहीं तो उन्होंने इसकी शिकायत छावनी थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने किशोर के लापता होने पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।








