महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद हिंसक होता जा रहा है। बुधवार को नवी मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक की बसों पर ब्लैक पेंट स्प्रे कर विरोध जताया। वहीं सोलापुर में भी स्थानीय संगठनों ने कर्नाटक की बस पर कर्नाटक CM बोम्मई की फोटो लगाकर ब्लैक पेंट स्प्रे किया।
उधर लोकसभा में NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि पिछले 10 दिनों से महाराष्ट्र में एक मुद्दा चल रहा है। हमारे पड़ोसी राज्य कर्नाटक के CM नॉनसेंस बोल रहे हैं। वे महाराष्ट्र को अलग करने की बात कर रहे हैं। दोनों ही राज्य भाजपा शासित हैं। महाराष्ट्र के लोगों को कल कर्नाटक में जाने पर पीटा भी गया। यह एक देश है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह करती हूं कि वे अब इस मुद्दे पर बोलें।
शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने राज्य में शासन कर रही एकनाथ शिंदे सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि CM शिंदे में दम है तो वे दिल्ली जाएं और केंद्र से महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच विवादित क्षेत्र बेलगाम को केंद्र शासित प्रदेश घोषित करने को कहें।
राउत ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर महाराष्ट्र को कुछ हुआ तो देश के गृह मंत्री जिम्मेदार होंगे। शिंदे सरकार को एक दिन के लिए भी सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह सरकार कायर है। संजय ने शिंदे को याद दिलाया कि यह छत्रपति शिवाजी महाराज का महाराष्ट्र है। वह अब अपनी भाईगीरी दिखा दें, नहीं तो इस्तीफा दे दें।









