बिलासपुर में सड़क किनारे झाड़ियों के बीच एक नर्सिंग स्टूडेंट की लाश मिली है। उसके गले पर चोट के निशान हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि गमछा से गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मामला कोनी थाना क्षेत्र की है।
मंगलवार की सुबह तुर्काडीह पुल के पास झाड़ियों के बीच एक युवक की लाश पड़ी थी, जिसे देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई थी। उन्होंने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की, तब युवक की पहचान नहीं हो पाई। बाद में दोपहर में युवक की पहचान सीपत थाना क्षेत्र के निपनिया निवासी अमित सूर्यवंशी पिता रामदुलारी (20) के रूप में हुई। वह नर्सिंग स्टूडेंट था और कोनी में पढ़ाई करता था।
गतौरी में मामा के घर रहता था युवक
पुलिस ने शव को देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है। मृतक के शरीर पर चोट और खरोच के निशान हैं। वहीं, गले में भी चोट लगी है और गमछा से गला दबाने का भी निशान है। फिलहाल, पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।









