कवर्धा जिले के लोहरीडीह में कांग्रेस नेता कचरू साहू की हत्या मामले में MP की बालाघाट पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि कचरू साहू की हत्या की गई। फिर इसे खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को MP बॉर्डर पर पेड़ से लटका दिया गया था।
शिव प्रकाश उर्फ कचरू का शव मिलने के बाद ही 15 सितंबर को उसकी हत्या के शक में गांव वालों ने उप सरपंच रघुनाथ साहू के घर में आग लगा दी थी। इसमें रघुनाथ साहू की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया था। आगजनी मामले में गिरफ्तार आरोपियों में एक की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
- टेकचन्द पटेल (24) निवासी भेलवाटोला थाना रेंगाखार जिला कबीरधाम
- दिनेश कुमार (33) निवासी- ग्राम लोहारीडीह थाना रेगाखार जिला कबीरधाम
- रोमन साहू (32) निवासी ग्राम लोहारीडीह थाना रेंगाखार जिला कबीरधाम
- राखीलाल हिरवाने (40) निवासी- बनाफरटोला ग्राम रेलवाही थाना बिरसा बालाघाट (म.प्र.)
कचरू की हत्या का मुख्य आरोपी उप सरपंच का बेटा
पुलिस ने बताया कि, कचरू साहू की हत्या का मुख्य आरोपी रघुनाथ साहू का बेटा दिनेश साहू है। समाज से बाहर करने से परेशान होकर दिनेश साहू और गांव के ही रोमन साहू ने कचरू की हत्या की साजिश रची। कचरू साहू लोहारीडीह सर्किल में साहू समाज का अध्यक्ष था।