रायपुर.साय सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत आवेदन फॉर्म भरने को लेकर शनिवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू होगी। इस योजना का फायदा लेने के लिए आवेदनकर्ता 5 फरवरी से आवेदन कर सकते हैं।
योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 फरवरी है। मार्च में इसकी पहली किस्त भी आ जाएगी। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को राज्य सरकार से प्रतिमाह 1 हजार रुपए आर्थिक मदद मिलेगी। बीजेपी नेताओं का दावा है, कि इस योजना का सीधा असर प्रदेश की 1 करोड़ 2 लाख 39 हजार 410 महिला वोटर्स पर पड़ेगा।

लोकसभा से पहले आएगी पहली किस्त
मार्च में इसकी पहली किस्त भी आ जाएगी। यानी लोकसभा चुनाव से पहली ही एक किस्त महिलाओं के खाते में डालकर महिला वोटर्स को अपने पक्ष में करने के लिए महतारी वंदन योजना का कार्ड खेला है। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य की स्थानीय निवासी और विवाहित महिलाएं ही पात्र होंगी। विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में इस योजना को भुनाने की बात बीजेपी नेता कह रहे हैं।
आवेदनकर्ता की उम्र होनी चाहिए 21 साल
नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदनकर्ता की उम्र 21 साल होनी चाहिए। 1 जनवरी 2024 तक के हिसाब से महिला की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिला भी योजना के लिए पात्र होंगी।
योजना का भुगतान आवेदनकर्ता के आधार लिंक डीबीटी आधारित बैंक खाते में किया जाएगा। सामाजिक सहायता कार्यक्रम, विभिन्न पेंशन योजनाओं से पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं के लिए अलग नियम है।
1000 रूपए से कम पेंशन राशि प्राप्त होने पर उन्हें सिर्फ अंतर की राशि का ही भुगतान किया जाएगा। यानी अगर किसी पेंशन से महिला को 700 रुपए मिलते हैं तो उसे 300 रुपए ही और दिए जाएंगे।
20 फरवरी तक कर सकेंगे आवेदन, आपत्ति 25 फरवरी तक
महतारी वंदन योजना के तहत 5 फरवरी 2024 को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन का पंजीयन शुरू होगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 फरवरी 2024 हैं। अंतिम सूची 21 फरवरी 2024 को जारी की जाएगी। अंतिम सूची पर आपत्ति 21 से 25 फरवरी 2024 तक की जा सकती है।
आपत्ति आने पर इसका निराकरण 26 से 29 फरवरी 2024 तक होगा। अंतिम सूची का प्रकाशन 1 मार्च 2024 को होगा जिसके बाद स्वीकृति पत्र जारी होगा। इसी महीने से पात्र महिला हितग्राहियों को राशि का अंतरण किया जाएगा।
