Saturday, August 1, 2026

टंकी के पानी से बनाई गई थी शरबत:बीमारों की संख्या 95 तक पहुंची, गांव में शिविर लगाकर किया जा रहा इलाज

कांकेर जिले के संबलपुर गांव में फूड पॉइजनिंग के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भानुप्रतापपुर ब्लॉक के संबलपुर में मंदिर में शरबत पीने के बाद कई लोगों को डायरिया की शिकायत हो रही है। बुधवार को शाम तक पीड़ितों की संख्या 40 थी जो अब बढ़कर 95 हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर में शरबत बनाने को लेकर भी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि मन्दिर के छत में लगी टंकी के पानी से शरबत बनाया गया था, अंदाजा लगाया जा रहा है कि टंकी में बारिश का पानी घुसने से पानी दूषित हुआ होगा।

बुधवार की दोपहर को जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि संबलपुर गांव में 40 से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल जिला चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम बनाई थी। यह टीम गांव रवाना की गई जहां शाम से ही स्वास्थ्य विभाग ने शिविर भी लगाया। साथ ही घर-घर पहुंचकर भी लोगों की जांच की जा रही है।