कोरबा में मेडिकल कारोबारी की सुसाइड केस में नया खुलासा हुआ है। आत्महत्या करने से पहले युवक के मोबाइल पर 40 मिस कॉल मिले है। माना जा रहा है कर्जदारों के धमकी से ही मेडिकल कारोबारी ने इस तरह से आत्मघाती कदम उठाने मजबूर हुआ होगा। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर साइबर सेल की मदद से उसकी जांच शुरू कर दी है। दरअसल, मेडिकल व्यावसायी युवक के फांसी लगाने के बाद पुलिस ने उससे सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें उसने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने का जिक्र किया है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।
जमनीपाली स्थित साड़ा कालोनी के सरदार बल्लभ भाई पटेल नगर निवासी हितेश पांडेय (36) मेडिकल एजेंसी संचालक थे। बीते मंगलवार को उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस समय यह घटना हुई, उस समय उसकी पत्नी घर से बाहर थीं। दोपहर में उसने पति के मोबाइल पर कॉल किया, तब उसने फोन रिसीव नहीं किया। अनहोनी की आशंका से उसने अपनी ननंद और सास को कॉल किया। तब परिजन कमरे में जाकर देखे तो हितेश फांसी पर लटक रहा था। पुलिस इस केस की जांच कर रही है।









